बैकुंठपुर। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 9 में पंकज पाण्डेय के घर से महेन्द्र पाण्डेय के घर तक चल रहे नाली निर्माण कार्य से वार्डवासियों को हो रही परेशानियों संबंधी समाचार प्रकाशित होने के बाद ठेकेदार की ओर से तत्काल कार्रवाई देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, करीब 80–90 किलोमीटर दूर मौजूद ठेकेदार ने अपने कर्मचारियों को निर्माण स्थल पर पहुंचकर लोगों के आवागमन की व्यवस्था सुधारने और वैकल्पिक रास्ता तैयार करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि लगातार बारिश के बीच मुख्य मार्ग खोद दिए जाने से वार्डवासियों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं तथा शासकीय कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप था कि निर्माण स्थल पर न तो ठेकेदार मौजूद रहता था और न ही लोगों की सुविधा के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था, जिससे दैनिक आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था।
समाचार प्रकाशित होने के बाद ठेकेदार के कर्मचारियों ने निर्माण स्थल के कुछ हिस्से को समतल कर लोगों के आने-जाने के लिए अस्थायी व्यवस्था शुरू कर दी। इससे लोगों को आंशिक राहत जरूर मिली है, लेकिन पूरे निर्माण क्षेत्र में अभी भी सुरक्षित और सुगम आवागमन की व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित नहीं हो सकी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल कुछ दूरी तक रास्ता बनाना पर्याप्त नहीं है। निर्माण स्थल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा लोग और आम नागरिक गुजरते हैं। ऐसे में पूरे निर्माण क्षेत्र में सुरक्षित एवं व्यवस्थित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाती है या नहीं