बैकुंठपुर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 में पंकज पाण्डेय के घर से महेन्द्र पाण्डेय के घर तक बनाई जा रही नाली का निर्माण कार्य इन दिनों विवादों में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 23 अप्रैल 2026 को टेंडर जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य 24 जुलाई 2026 से, यानी बरसात के दौरान शुरू किया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माण कार्य से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों के अनुसार निर्माण कार्य के चलते मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे पैदल राहगीरों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों के आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि निर्माण स्थल पर ठेकेदार स्वयं मौजूद नहीं रहते और पूरा कार्य कर्मचारियों के भरोसे संचालित किया जा रहा है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों की सुविधा का कोई ध्यान नहीं रखा गया। सामान्यतः ऐसे कार्यों के दौरान आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग (डायवर्जन) की व्यवस्था की जाती है, लेकिन वार्ड क्रमांक 9 में ऐसा कोई इंतजाम नहीं किया गया है। इसके कारण लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और जरूरी कार्यों के लिए घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण स्थल पर नियमित रूप से इंजीनियर की निगरानी सुनिश्चित की जाए, ठेकेदार की उपस्थिति अनिवार्य की जाए तथा आम नागरिकों की सुविधा के लिए तत्काल वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए। साथ ही, बरसात के मौसम में किए जा रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की गई है।

0 टिप्पणियाँ