वीआईपी दौरे से जागी व्यवस्था — सड़कों से गायें गायब, नगर पालिका की नींद आखिर आज टूटी


  विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

बैकुंठपुर में आज मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और नगर पालिका पूरी तरह से अलर्ट मोड में नजर आ रहे हैं। सड़कों को चमकाने से लेकर आवारा पशुओं को हटाने तक, हर स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। लेकिन इन तैयारियों के बीच एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो रहा है — क्या शहर की व्यवस्थाएं सिर्फ वीआईपी दौरों के लिए ही जागती हैं?

मुख्यमंत्री के काफिले के रास्ते को साफ और व्यवस्थित दिखाने के लिए नगर पालिका की टीम लगातार सड़कों की सफाई और मरम्मत में जुटी हुई है। वहीं, वर्षों बाद ऐसा नजारा देखने को मिला जब गौ-पकड़ने वाली टीम सड़कों पर सक्रिय नजर आई और आवारा गायों को पकड़कर हटाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि काफिले के सामने कोई आवारा पशु न आ जाए, इसके लिए गायों को कीचड़ और गलियों तक से पकड़कर हटाया जा रहा है।

लेकिन सवाल यह है कि यह मुहिम पहले क्यों नहीं दिखाई दी?

जबकि शहर में लंबे समय से आवारा पशुओं की समस्या बनी हुई है और आम लोग आए दिन हादसों के खतरे के बीच गुजरते हैं।

गौरतलब है कि हाई कोर्ट द्वारा भी हाईवे और मुख्य मार्गों से आवारा पशु हटाने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन नगर पालिका की सक्रियता अब जाकर दिखाई दे रही है — वह भी सिर्फ वीआईपी दौरे से ठीक पहले।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यही मुस्तैदी पहले दिखाई जाती, तो शहर को रोजाना जाम, दुर्घटना और गंदगी की समस्या से राहत मिल सकती थी।

फिलहाल मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शहर सज रहा है, व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं और प्रशासन पूरी ताकत से लगा हुआ है।

लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है — क्या यह सफाई और व्यवस्था सिर्फ आज तक सीमित रहेगी, या बैकुंठपुर को स्थायी रूप से भी राहत मिलेगी?

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ