कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के पुलिस लाइन में रहने वाली होनहार बेटी जेनी मिंज ने कॉस्ट मैनेजमेंट अकाउंटेंट (CMA) की कठिन परीक्षा में उत्कृष्ट अंकों के साथ सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। जैसे ही परीक्षा परिणाम की जानकारी मिली, परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस उपलब्धि का श्रेय जेनी मिंज ने अपने माता-पिता और भाई को दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता के पीछे परिवार का निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और हौसला सबसे बड़ी ताकत रहा है। कठिन तैयारी के दौर में परिवार ने उनका आत्मबल मजबूत किया और हर चुनौती को पार करने के लिए प्रेरित किया।
जेनी मिंज शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय, बैकुंठपुर से कॉमर्स विषय के साथ हायर सेकेंडरी की परीक्षा 95 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने अपने लक्ष्य की ओर सतत प्रयास जारी रखा।
उन्होंने अपनी आर्टिकलशिप दिल्ली से पूर्ण की और प्रशिक्षण के साथ-साथ CMA फाइनल की तैयारी भी निरंतर जारी रखी। दिसंबर 2025 में आयोजित CMA फाइनल परीक्षा के दोनों ग्रुप्स में उन्होंने सफलता प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया।
अपनी इस उपलब्धि पर जेनी मिंज ने अपने माता-पिता, भाई और सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे परिवार और जिले की है। उनकी इस उपलब्धि से कोरिया जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।



0 टिप्पणियाँ