बैकुंठपुर। पुलिस लाइन परिसर में आज लर्निंग लाइसेंस बनाने के लिए शिविर लगाया जाना था, लेकिन दोपहर 3 बजे तक आरटीओ विभाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। तय समय पर शिविर शुरू न होने से बड़ी संख्या में पहुंचे आवेदकों को घंटों इंतजार करना पड़ा और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
बताया जा रहा है कि शिविर की जानकारी पहले से दी गई थी, जिसके चलते दूर-दराज से लोग आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचे थे। लेकिन आरटीओ अमले की अनुपस्थिति के कारण न तो आवेदन प्रक्रिया शुरू हो सकी और न ही किसी तरह की आधिकारिक जानकारी दी गई। इससे आवेदकों में नाराजगी देखी गई।
गौरतलब है कि इन दिनों राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा (यातायात) सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसके तहत लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे किए जा रहे हैं। ऐसे में लर्निंग लाइसेंस जैसे महत्वपूर्ण शिविर का बिना सूचना रद्द रहना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस लापरवाही पर क्या कदम उठाते हैं।

0 टिप्पणियाँ