फोटो कॉपी मशीन खराब होने से भू-अभिलेख शाखा में नकल वितरण ठप हितग्राही आठ दिनों से हो रहे परेशान।


 विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
 

कोरिया।

जिला मुख्यालय बैकुंठपुर  स्थित भू-अभिलेख शाखा से 22 जनवरी से भूमि संबंधी नकल का वितरण पूरी तरह से बंद पड़ा हुआ है। नकल नहीं मिल पाने का कारण कार्यालय में लगी फोटो कॉपी मशीन का खराब होना बताया जा रहा है।

हैरानी की बात यह है कि आठ दिन बीत जाने के बावजूद न तो मशीन की मरम्मत कराई जा सकी है और न ही नकल वितरण के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इससे दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आए हितग्राहियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नकल प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग भू-अभिलेख शाखा पहुंच रहे हैं, लेकिन निराश होकर वापस लौटने को मजबूर हैं। कई हितग्राही जरूरी कार्यों के लिए नकल पर निर्भर हैं, जिससे उनके काम भी प्रभावित हो रहे हैं।

स्थिति यह है कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि भू-अभिलेख शाखा द्वारा नकल वितरण की प्रक्रिया कब से पुनः प्रारंभ की जाएगी। हितग्राहियों ने प्रशासन से शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था करने या मशीन को तत्काल ठीक कराने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ