कोरिया। जिला एमसीबी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) के मनेंद्रगढ़ नगर पालिका परिषद में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) अंबिकापुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए नगर पालिका के सीएमओ और प्रभारी लेखापाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, मनेंद्रगढ़ निवासी चन्द्रमणी वर्मा ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे साईं कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर के नाम से फर्म संचालित करते हैं और नगर पालिका मनेंद्रगढ़ में वार्ड क्रमांक 11 में रिटेनिंग वॉल तथा वार्ड क्रमांक 8 में सीसी सड़क निर्माण का कार्य किया था। इन कार्यों के भुगतान के एवज में नगर पालिका के सीएमओ इशहाक खान और प्रभारी लेखापाल (सहायक राजस्व निरीक्षक) सुशील कुमार द्वारा 9 प्रतिशत कमीशन के रूप में 53 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि पूर्व में कमीशन नहीं देने पर उनके आगामी बिलों का भुगतान रोक दिया गया था। मामले की सत्यता जांच के दौरान लेखापाल सुशील कुमार द्वारा 20 हजार रुपये ले लिए गए थे। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाकर 23 मार्च 2026 को ट्रैप कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने सीएमओ इशहाक खान और सुशील कुमार को शेष 33 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।


0 टिप्पणियाँ