बैकुण्ठपुर। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बैकुण्ठपुर, जिला कोरिया में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के प्राचार्य श्री सी.एल. कच्छवाहा, एनसीसी अधिकारी श्री उमेश चन्द्र, शिक्षकगण, एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली का शुभारंभ विद्यालय परिसर से हुआ। एनसीसी कैडेट्स की अगुवाई में विद्यार्थी हाथों में तिरंगा ध्वज लेकर गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरे। इस दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय हिंद” और “हर घर तिरंगा” जैसे देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता-अखंडता तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने विद्यालय की इस पहल का स्वागत किया। ग्राम प्रधान ने भी विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग एवं देशप्रेम की भावना विकसित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। रैली विभिन्न मार्गों का भ्रमण करने के बाद वापस विद्यालय परिसर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।



0 टिप्पणियाँ