बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डूभापानी में सड़क किनारे अधमरी हालत में मिले युवक अतवारु की चार दिन बाद 16 अगस्त को रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 अगस्त की दरमियानी रात मृतक अतवारु (35) और उसके रिश्ते में मामा बुद्ध सिंह (लगभग 50 वर्ष) के बीच शराब के नशे में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि बुद्ध सिंह ने टांगी से अतवारु पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अतवारु सड़क पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। रायपुर में उपचार के दौरान 16 अगस्त को अतवारु ने दम तोड़ दिया।
मामले में पुलिस ने आरोपी बुद्ध सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। युवक की मौत के बाद पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ