युवक मुनेश्वर यादव की हत्या पर यादव महासभा ने जताया आक्रोश, दोषियों को कड़ी सजा व 1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग ।



अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा जिला कोरिया ने रायपुर जिले के मंदिर हसौद क्षेत्र स्थित इंदिरा कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय युवक मुनेश्वर यादव की निर्मम हत्या की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। महासभा ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग उठाई है।

महासभा के जिला अध्यक्ष सुशील यादव के नेतृत्व में राज्यपाल छत्तीसगढ़ के नाम कलेक्टर कोरिया को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि मुनेश्वर यादव की हत्या कर उनका शव महानदी में फेंक दिया गया, जो अत्यंत दुखद एवं निंदनीय घटना है। इस प्रकार की घटनाएं समाज में बढ़ते अपराध और अपराधियों के बढ़ते मनोबल को दर्शाती हैं।

यादव महासभा ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर सभी आरोपियों की पहचान की जाए तथा उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को अधिकतम दंड दिलाया जाए।

महासभा ने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए।

इस अवसर पर महासभा के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन से शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ