ऑनलाइन सेंटर की लापरवाही से छात्रों का भविष्य अधर में, फीस वापसी की मांग


जिले के बैकुंठपुर स्थित एक ऑनलाइन सेंटर के खिलाफ छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि सेंटर द्वारा परीक्षा आयोजित नहीं कराई गई, जिससे उनका एक साल बर्बाद हो गया है। अब छात्र प्रशासन से फीस वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं।

छात्रों द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि उन्होंने सत्र 2024-25 में डीसीए और पीजीडीसीए कोर्स के लिए ऑनलाइन सेंटर बैकुंठपुर में प्रवेश लिया था। इसके लिए छात्रों ने डीसीए के लिए 18 हजार रुपये और पीजीडीसीए के लिए 20 हजार रुपये तक की फीस जमा की थी।

आरोप है कि प्रवेश के बाद दो साल बीत जाने के बावजूद संस्था द्वारा अब तक परीक्षा आयोजित नहीं कराई गई है। छात्र कई बार सेंटर के चक्कर लगा चुके हैं और प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश भी की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

छात्रों ने कहा कि परीक्षा नहीं होने के कारण उनका कीमती समय और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर से हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने और जमा की गई फीस वापस दिलाने की मांग की है।

आवेदन में कई छात्रों के हस्ताक्षर भी शामिल हैं, जिन्होंने एक स्वर में न्याय की गुहार लगाई है।


रिपोर्ट: विशाल सिंह, कोरिया

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ