इन दिनों सोशल मीडिया में एक कथित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े नेता का वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसमें वह खुलेआम जुआ खेलते हुए नजर आ रहा है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि उक्त नेता को भाजपा के बड़े नेताओं और स्थानीय मंत्री का करीबी माना जाता है। सोशल मीडिया पर दोनों की कई तस्वीरें भी मौजूद हैं, जो उनकी नजदीकी को दर्शाती हैं। इतना ही नहीं, उक्त व्यक्ति की तस्वीरें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित अन्य भाजपा नेताओं के साथ भी सामने आई हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक रील में कथित नेता द्वारा लिखा गया है— “हमारा दबदबा है, हमारे इलाके में हर कोई जानता है, हम पर कोई हाथ नहीं डाल सकता।” इस तरह का बयान कानून और प्रशासन के लिए खुली चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
इसके अलावा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें भी सोशल मीडिया में सामने आई हैं, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि आखिर किसके संरक्षण में ऐसे लोग खुलेआम अवैध गतिविधियों में लिप्त नजर आ रहे हैं।
मामले को लेकर लोगों में चर्चा है कि क्या राजनीतिक संरक्षण के कारण ही ऐसे लोगों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे खुलेआम जुआ खेलते हुए कानून को चुनौती दे रहे हैं।
इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि माननीय कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं अवैध गतिविधियों को किसी प्रकार का संरक्षण तो नहीं मिल रहा है।

0 टिप्पणियाँ