जूनापारा वार्ड 19-20 में नाली का पानी घरों में घुसा, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी सप्लाई



 विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद के अंतर्गत आने वाले जूनापारा  वार्ड क्रमांक 19 और 20 में पिछले एक सप्ताह से नाली का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है, जिससे क्षेत्र के रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, लेकिन संबंधित विभाग और जिम्मेदार कर्मचारी अब तक समस्या का समाधान नहीं कर पाए हैं।

वार्डवासियों ने बताया कि करीब 4-5 दिन पहले गैस पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहे ठेकेदारों द्वारा पानी की पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इसके बाद से ही पानी सप्लाई प्रभावित है और घरों में गंदा पानी आ रहा है। आरोप है कि मरम्मत के नाम पर केवल दो मजदूर लगाए गए हैं, जो अब तक पाइपलाइन का सही स्थान तक नहीं ढूंढ पाए हैं।

इसी दौरान खुदाई के कारण नाली भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे नाली का गंदा पानी मिट्टी में मिलकर सड़ रहा है और क्षेत्र में दुर्गंध फैलने की आशंका बनी हुई है। लोगों का कहना है कि वर्तमान में जो पानी सप्लाई हो रहा है, उसमें नाली का पानी मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है।

वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी तत्काल संज्ञान लेते हुए समस्या का स्थायी समाधान करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या बीमारी की स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ