विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला स्तरीय पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। पत्रकारवार्ता में कांग्रेस पदाधिकारियों ने केंद्र की मोदी सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलता का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि सरकार ने एक बार फिर कमर्शियल गैस के दाम में 195 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके पहले तीन महीनों में ही कमर्शियल गैस के दामों में 525 रुपये तक की वृद्धि हो चुकी है। वहीं, पिछले सप्ताह घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 62 रुपये की बढ़ोतरी की गई।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने को बड़ी राहत बताया गया, लेकिन अब फिर से पेट्रोल के दामों में 1 रुपये से अधिक की वृद्धि कई राज्यों में दर्ज की गई है, जबकि कुछ स्थानों पर यह बढ़ोतरी 4 रुपये तक देखी गई है।
एवीएशन फ्यूल के दामों में भी वृद्धि होने से हवाई यात्रा महंगी हो गई है। खाद्य तेल, मावा, राशन सामग्री और दूध सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम आदमी के किचन का बजट बिगड़ गया है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर, जिसे पहले 400 रुपये में महंगा बताया जाता था, अब 900 से 1000 रुपये तक पहुंच चुका है। वहीं, कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1580 रुपये से बढ़कर 1691 रुपये हो गई है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार को आम जनता के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है। सरकार की नीतियों से आम आदमी का जीवन स्तर लगातार गिरता जा रहा है, जबकि लाभ केवल बड़े पूंजीपतियों को मिल रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के समय मनरेगा के तहत रोजगार की कानूनी गारंटी दी गई थी, जिसे वर्तमान सरकार ने कमजोर कर दिया है। इससे गरीबों के रोजगार पर असर पड़ा है और आमदनी में कमी आई है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि देश के संसाधनों पर कुछ चुनिंदा लोगों का एकाधिकार स्थापित किया जा रहा है, जिससे आर्थिक असमानता बढ़ रही है। महंगाई को आम जनता के लिए “भाजपा निर्मित आपदा” बताते हुए कहा गया कि रेलवे टिकट से लेकर शिक्षा तक हर क्षेत्र में खर्च कई गुना बढ़ गया है।
अंत में कहा गया कि बैंकिंग सेवाओं पर बढ़ते शुल्क के माध्यम से आम खाताधारकों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है, जिससे जनता आर्थिक रूप से और अधिक परेशान हो रही है।

0 टिप्पणियाँ