एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर बढ़ा भ्रम, वाहनों की टंकी में पानी मिलने की शिकायत से ग्राहक परेशान


विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस 

बैकुंठपुर। इन दिनों पेट्रोल में मिश्रित एथेनॉल को लेकर वाहन चालकों के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है। देशभर में इस बात को लेकर चर्चा है कि एथेनॉल युक्त पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहनों के माइलेज पर कितना असर पड़ रहा है। वहीं, दूसरी ओर मोटरसाइकिलों की पेट्रोल टंकी से पानी निकलने की शिकायतों ने वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है।


वाहन चालकों के मुताबिक, कई बार मोटरसाइकिल अचानक बंद हो जाती है। जब वाहन को मिस्त्री के पास ले जाया जाता है और पेट्रोल टंकी की जांच की जाती है तो उसमें पेट्रोल के साथ पानी की मात्रा मिलने की बात सामने आती है। टंकी से पानी निकलता देखकर वाहन मालिक भी हैरान रह जाते हैं कि आखिर इतनी मात्रा में पानी टंकी तक कैसे पहुंचा।

वाहन चालकों का कहना है कि मेहनत की कमाई से खरीदे गए वाहनों में इस तरह की समस्या आने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि यदि पेट्रोल में पानी या अन्य किसी तरह की मिलावट की जा रही है तो इसकी निष्पक्ष जांच होना जरूरी है। ग्राहकों का यह भी कहना है कि पेट्रोल के दाम चुकाने के बावजूद यदि उन्हें संदिग्ध गुणवत्ता वाला ईंधन मिलता है तो यह गंभीर चिंता का विषय है।

हालांकि, पेट्रोल में पानी मिलने की वजह और इसके लिए जिम्मेदार कौन है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वाहन चालकों ने संबंधित विभाग से पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध पेट्रोल की गुणवत्ता की जांच कराने तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

लोगों ने मांग की है कि यदि जांच में किसी पेट्रोल पंप पर मिलावट या अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि वाहन चालकों को गुणवत्तापूर्ण ईंधन मिल सके और उन्हें आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ