विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
कोरिया जिले के गोलहघाट हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। यह घटना 4 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे की है, जब 1500 रुपये के विवाद में जीजा खेलसाय गोंड (37 वर्ष) ने अपने साले टेकराम राम गोंड (25 वर्ष) की गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपने बाड़ी के पीछे ले जाकर जला दिया।
आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए मृतक के कपड़े भी जला दिए और शव को वहीं गाड़ दिया। बाद में पुलिस की गतिविधियां बढ़ने पर शव को घर के पीछे खाई में फेंक दिया गया। यह गांव कोरिया और सूरजपुर जिले की सीमा पर स्थित है, जबकि घटनास्थल सूरजपुर जिले के चोरकी पानी क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटनास्थल पर मिली एक चप्पल ने पूरे मामले की कड़ी खोल दी।
मृतक के छोटे भांजे ने चप्पल को अपने मामा की बताते हुए पहचान की, जबकि मृतक की बहन शुरुआत में कुछ भी बताने से बचती रही। सख्त पूछताछ के दौरान उसने सच कबूल कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जबड़ा सहित शव के 13 टुकड़ों में हड्डियां बरामद कीं। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। फोरेंसिक एक्सपर्ट, एसडीपीओ, टीआई सहित पुलिस टीम की कड़ी मेहनत से इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा संभव हो सका।

0 टिप्पणियाँ