पिकअप और ऑटो की भिड़ंत में तीन महिलाओं की मौत, छह घायल ऑटो में सवार थे करीब 15 लोग, दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा


विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

बैकुंठपुर। कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र के ग्राम साँवारावा में पिकअप और ऑटो के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना थाना क्षेत्र के करहीपारा छिंदिया गांव की महिलाएं बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम से वापस लौटते समय ग्राम साँवारावा के पास उनके ऑटो की एक अज्ञात पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे।

इस दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50 वर्ष), रामबाई पति रामकुमार (60 वर्ष) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं करहीपारा छिंदिया की निवासी थीं।हादसे के बाद घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल महिलाओं का अस्पताल में उपचार जारी है।घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पटना थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार पिकअप वाहन तथा उसके चालक की पतासाजी कर रही है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ