बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी-बचरा में गौवंश की हत्या कर उसके मांस को ले जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गौवंश का मांस और घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार 27 सितंबर 2026 को ग्राम पोड़ी-बचरा निवासी सुशीला पति जयप्रकाश ने बैकुंठपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव में खेत के पास एक गाय की हत्या कर उसका मांस ले जाया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर गौवंश के अवशेष, सिर और पैर अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर पशु चिकित्सक और तहसीलदार की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई की गई तथा गौवंश के अवशेषों को नियमानुसार दफन कराया गया।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ करने के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ली। 28 सितंबर 2026 को संदेह के आधार पर संजय कुमार, पिता लल्लूराम, उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी पोड़ी-बचरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने गौवंश का मांस तथा घटना में इस्तेमाल की गई टांगी बरामद की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनमें सुभाष कुमार, उम्र करीब 21 वर्ष, विक्की उर्फ अमन कुमार, उम्र करीब 20 वर्ष सहित एक अपचारी बालक का नाम शामिल है। पुलिस इन सभी की भूमिका की जांच कर रही है।बताया गया कि आरोपियों द्वारा गाय को काटकर उसके मांस को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के बताए स्थान से मांस बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की है।इस पूरी कार्रवाई में एसआई लवंग सिंह, एएसआई एलसी कश्यप, प्रधान आरक्षक सुनील साहू, राजेश पैकरा, आरक्षक अजय कुमार सिंह, रोशन एक्का, मनोज पांडेय, सुनील मरावी, सूरज यादव तथा महिला आरक्षक विजय कुमारी, प्रीति सिंह और राजकुमारी की सक्रिय भूमिका रही। इसके अलावा साइबर टीम और डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटनास्थल की जांच और आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ और जांच जारी है।

0 टिप्पणियाँ