बैकुण्ठपुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए पांच दावेदारों ने किया आवेदन । पर्यवेक्षक प्रशांत मिश्रा ने प्राप्त किए आवेदन, पीसीसी को सौंपेंगे रिपोर्ट


विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

बैकुण्ठपुर। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में कांग्रेस की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक प्रशांत मिश्रा ने बैकुण्ठपुर स्थित राजीव भवन पहुंचकर नगरपालिका अध्यक्ष एवं पार्षद पद के सभी दावेदारों के आवेदन जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता से प्राप्त किए। पर्यवेक्षक सभी आवेदनों के साथ अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) को सौंपेंगे।

जानकारी के अनुसार, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह के दिल्ली प्रवास पर होने के कारण पर्यवेक्षक प्रशांत मिश्रा ने बैकुण्ठपुर पहुंचकर दावेदारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष एवं पार्षद पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों से वन-टू-वन चर्चा की और चुनाव तथा उनकी दावेदारी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली।

बैकुण्ठपुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए कुल पांच लोगों ने अपनी दावेदारी पेश की है। इनमें शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं नगरपालिका उपाध्यक्ष आशीष यादव, जिला कांग्रेस महामंत्री एवं पूर्व एल्डरमैन राजीव गुप्ता, नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष अन्नपूर्णा सिंह, चेर के पूर्व पार्षद रामायण सिंह तथा पूर्व पार्षद आफताब अहमद शामिल हैं।पर्यवेक्षक प्रशांत मिश्रा ने सभी दावेदारों से चर्चा कर उनकी उम्मीदवारी के संबंध में जानकारी जुटाई। इन चर्चाओं के आधार पर वे अपनी रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रस्तुत करेंगे। पार्टी स्तर पर प्राप्त आवेदनों और पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

बताया गया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नियुक्त पर्यवेक्षकों को 15 अक्टूबर तक सभी आवेदकों के आवेदन और अपनी रिपोर्ट पीसीसी को सौंपने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पार्टी नेतृत्व द्वारा प्रत्याशियों के चयन को लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल बैकुण्ठपुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए पांच दावेदारों के सामने आने से कांग्रेस के भीतर प्रत्याशी चयन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ