बैकुण्ठपुर जनपद में स्थानांतरण आदेशों की अनदेखी, 15वें वित्त की राशि पर खतरा


विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत क्षेत्र में ग्राम सचिवों के स्थानांतरण आदेशों की खुलेआम अनदेखी सामने आई है। नवंबर के पहले सप्ताह में जारी आदेशों के बावजूद दो माह बीत जाने के बाद भी कई पंचायतों में न नए सचिवों ने पदभार ग्रहण किया और न ही पुराने सचिवों ने प्रभार सौंपा।

इस लापरवाही से प्रधानमंत्री आवास, पेंशन, मनरेगा सहित कई जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। कई पंचायतों में कार्यालय बंद रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नियमों के अनुसार 7 से 15 दिनों में पदभार ग्रहण अनिवार्य है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। गंभीर मामला ग्राम पंचायत तलवापारा का है, जहां लगभग दो माह से पंचायत कार्यालय बंद बताया जा रहा है।

सबसे गंभीर आरोप 15वें वित्त आयोग की राशि को लेकर हैं। स्थानांतरण के बाद भी पंचायत खातों में होल्ड न लगने से वित्तीय अनियमितता की आशंका बढ़ गई है, जिससे जनपद पंचायत अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आदेशों की अवहेलना करने वाले सचिवों और जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ