विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस
कोरिया जिले के बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र अंतर्गत कचहरीपारा में नगर पालिका के पैसों की कथित बर्बादी का मामला उजागर हुआ है। कचहरीपारा में स्थित नाली पूर्व में ही निर्मित थी और पूरी तरह सुचारू रूप से कार्य कर रही थी। इसके बावजूद नगर पालिका परिषद द्वारा नाली के ढक्कन तोड़कर दोबारा ढलाई का कार्य कराया जा रहा है, जो समझ से परे है।
बताया जा रहा है कि उक्त नाली में किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं था। इसके बावजूद इस तरह का कार्य कराए जाने से नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह कार्रवाई साफ तौर पर सरकारी धन की बर्बादी प्रतीत होती है।
वहीं दूसरी ओर नगर पालिका क्षेत्र में कई स्थानों पर नालियां खुली पड़ी हैं तथा अनेक जगहों पर नालियों के ढक्कन टूटे हुए हैं, जिनकी मरम्मत अब तक नहीं कराई गई है। ऐसे में बंद और सुचारू नाली की मिट्टी हटाकर उसके ढक्कन तोड़ना और पुनः ढलाई कराना आमजन की समझ से परे है।
स्थानीय लोगों में इस कार्य को लेकर नाराजगी देखी जा रही है और वे नगर पालिका परिषद से उचित जवाब की मांग कर रहे हैं।




0 टिप्पणियाँ