विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर नगर पालिका में कथित तौर पर 25 लाख रुपये से अधिक के डीजल घोटाले का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म है और आरोप लग रहे हैं कि पूरे प्रकरण में सिर्फ वाहन प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार हाल ही में हुई नगर पालिका की बैठक में डीजल के लगभग 25 लाख रुपये से अधिक बकाया भुगतान का प्रस्ताव पारित किया गया। बताया जा रहा है कि यह राशि गैस पाइपलाइन से प्राप्त फंड से दी जानी है। सूत्रों का दावा है कि इस राशि का कुछ हिस्सा भुगतान भी किया जा चुका है। वहीं जब डीजल खर्च को लेकर सवाल उठे तो सामने आया कि कई वाहनों की लॉग बुक में नियमित इंद्राज नहीं किए गए थे और कथित तौर पर मनमाने तरीके से डीजल का वितरण जारी रहा।
मामला उजागर होने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने वाहन प्रभारी से जवाब तलब करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है, हालांकि इस पूरे मामले में नगर पालिका के अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। इससे पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं और लोगों में आशंका है कि कहीं मामले को सीमित कार्रवाई तक ही न रोक दिया जाए।
इस प्रकरण में यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि पिछले दो वर्षों से वाहनों की लॉग बुक सही ढंग से नहीं भरी जा रही थी तो मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) द्वारा निगरानी किस स्तर पर की जा रही थी। साथ ही यह भी चर्चा में है कि जब आधा दर्जन से अधिक वाहन खराब बताए जा रहे हैं तो इतनी बड़ी मात्रा में डीजल का उपयोग किन वाहनों में हुआ।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठ रही है। अब निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस मामले में जांच समिति गठित कर ठोस कार्रवाई करता है या फिर मामला सिर्फ नोटिस तक सीमित रह जाता है।

0 टिप्पणियाँ