विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस
कोरिया जिले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कोरिया पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए मनचलों को चेतावनी दी है। कोरिया पुलिस की ओर से एक जागरूकता पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें स्पष्ट संदेश दिया गया है कि महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों के लिए “गिफ्ट” तैयार है — यानी कड़ी कानूनी कार्रवाई।
पोस्टर में व्यंग्यात्मक स्लोगन “आओ जानें मन, तुम्हें घर छोड़ दूं…” के माध्यम से मनचलों को चेताया गया है कि इस तरह का व्यवहार अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने साफ किया है कि महिलाओं से छेड़छाड़ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 के तहत दंडनीय अपराध है, जिसमें कठोर सजा का प्रावधान है।
कोरिया पुलिस ने यातायात नियमों को लेकर भी चेतावनी दी है। पोस्टर के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि तीन सवारी चलाना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में चालानी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने में सहयोग करें। पोस्टर में यह संदेश भी प्रमुखता से दिया गया है कि —
“सुरक्षित चलना आपका अधिकार है।”
कोरिया पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी


0 टिप्पणियाँ