रायपुर। प्रदेश के किसानों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान खरीदी को लेकर बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धान खरीदी की अवधि दो दिन और बढ़ाई जा रही है, ताकि कोई भी पात्र किसान धान बेचने से वंचित न रह जाए।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि आज धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा बैठक की गई, जिसमें सामने आया कि प्रदेश के कई किसान अब तक अपना धान नहीं बेच पाए हैं। उन्होंने कहा कि
“कई किसान ऐसे हैं जो टोकन ही नहीं कटवा पाए, वहीं कई ऐसे किसान भी हैं जिन्होंने टोकन कटवाया लेकिन धान बेचने का अवसर नहीं मिल सका।”
इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है कि प्रदेश में अगले दो दिनों तक धान खरीदी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी केंद्रों पर किसी भी किसान को परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य समय पर मिले और किसी भी किसान के साथ अन्याय न हो। धान खरीदी केंद्रों पर टोकन व्यवस्था, तौल और भुगतान प्रक्रिया को लेकर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा से उन हजारों किसानों को राहत मिली है, जो अब तक धान बेचने से वंचित रह गए थे। किसान संगठनों ने भी सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है।

0 टिप्पणियाँ