आकाशीय बिजली से 7 गौवंशों की मौत, दुर्घटना पर गौ सेवकों ने दुख जताया

 

विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस 

पटना (कोरिया)। पटना तहसील क्षेत्र के ग्राम चितमार पारा में आकाशीय बिजली गिरने से मृत हुए 7 गौवंशों को आज विधिवत दफनाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

घटना की जानकारी मिलने पर गौ सेवक अनुराग दुबे एवं रिचेश सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित पशुपालक से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी मौजूद रही, जिसने सभी मृत गौवंशों का पोस्टमार्टम किया।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेसीबी मशीन की सहायता से गड्ढा खोदकर सभी गौवंशों को दफनाया गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने मिलकर मृत पशुओं को अंतिम विदाई दी।

पशु चिकित्सकों के अनुसार सभी गौवंशों की मौत आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हुई है

गौ सेवक अनुराग दुबे ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि एक साथ इतने गौवंशों की मृत्यु होना क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने शासन-प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की।

वहीं रिचेश सिंह ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुआ यह नुकसान अत्यंत गंभीर है और ऐसे समय में पीड़ित परिवार को तत्काल राहत मिलनी चाहिए, ताकि उसे आर्थिक सहारा मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ