| पटना तहसील में आकाशीय बिजली गिरने से 7 मवेशियों की मौत, पशुपालक को लाखों का नुकसान


विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस 

कोरिया जिले के पटना तहसील क्षेत्र में शुक्रवार अपरान्ह करीब 3 बजे अचानक बदले मौसम ने बड़ा कहर बरपाया। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 7 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

ग्रामीणों के अनुसार मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने की घटना हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि बारिश से बचने के लिए मवेशी पास ही एक बड़े पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। इसी दौरान आकाशीय तड़ित उसी स्थान पर गिरा, जिसकी चपेट में आने से सभी मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि कुछ समय तक ग्रामीण घटनास्थल के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

हादसे में पशु मालिक मंगली सिंह (पति रामकृपाल, जाति गोंड) के कुल 7 मवेशी—6 गाय और 1 बैल—मृत पाए गए। इनमें दो दुधारू गाय, एक गाभिन गाय, एक बैल तथा तीन बछिया शामिल हैं। इन्हीं मवेशियों के सहारे पशुपालक अपने परिवार का भरण-पोषण करता था, ऐसे में इस घटना से उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार मृत मवेशियों की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हल्का पटवारी योगेश गुप्ता को निर्देशित किया कि पीड़ित पशुपालक के लिए शीघ्र मुआवजा प्रकरण तैयार कर शासन स्तर पर भेजा जाए, ताकि जल्द राहत राशि उपलब्ध कराई जा सके। इस दौरान पार्षद सुजीत सोनी, विनोद यादव, सुमनत मित्रा, संतोष यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदा से हुए इस नुकसान का उचित मुआवजा शीघ्र प्रदान किया जाए, ताकि प्रभावित परिवार को राहत मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ