विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
बैकुंठपुर (कोरिया)। कोरिया जिले के गदबदी जंगल में अवैध महुआ शराब बनाने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ड्रोन कैमरे की मदद से जंगल के अंदर संचालित अवैध शराब भट्ठियों का पता लगाकर छापेमार कार्रवाई की।
आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने हाईटेक प्लानिंग के तहत गदबदी जंगल में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मुख्य सप्लायर नीलकमल सिंह और संतोष बरगाह को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से करीब 80 लीटर महुआ शराब और लगभग 3500 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया है।
कार्रवाई के दौरान जंगल का फायदा उठाकर कई आरोपी मौके से फरार हो गए। आबकारी विभाग की टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को बैकुंठपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। विभाग द्वारा फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

0 टिप्पणियाँ