दुर्ग में भाजपा नेता के फार्महाउस में अफीम की खेती का आरोप, कांग्रेस ने सरकार को घेरा


बैकुंठपुर, कोरिया।

जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने दुर्ग जिले के समोदा गांव में एक फार्महाउस में लगभग 10 एकड़ में अफीम की खेती के कथित खुलासे को गंभीर मामला बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। इस संबंध में रविवार को राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि जिस फार्महाउस में अफीम की खेती का खुलासा हुआ है, वह भाजपा से जुड़े एक नेता का बताया जा रहा है, जो पहले किसान मोर्चा में पदाधिकारी रह चुका है और वर्तमान में भाजपा के एक प्रकल्प में प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी निभा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति की भाजपा के कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं, जिससे उसके राजनीतिक संबंध स्पष्ट होते हैं।

पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला ने कहा कि बिना सत्ता के संरक्षण के इतनी बड़ी मात्रा में खुलेआम अफीम की खेती संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में जुआ, सट्टा, शराब तस्करी और नशे का कारोबार तेजी से बढ़ा है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है।

जिला कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले महीनों में नारकोटिक्स से जुड़े हजारों प्रकरण सामने आए हैं, इसके बावजूद सरकार और प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए तथा प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, उपाध्यक्ष प्रवीर भट्टाचार्य, हेमसागर यादव, बिहारी लाल राजवाड़े, भूपेंद्र यादव, आशीष यादव, कृष्ण कुमार राजवाड़े, अनिल जायसवाल, यूसुफ इराकी, आशीष डबरे, दीपक गुप्ता, राजीव गुप्ता, जाग्रत कुर्रे, रियाजउद्दीन, एजाज गुड्डू, एस.एन. मोदी, संजोती मरकाम, अन्नपूर्णा सिंह, चांदनी सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ