बैकुंठपुर (कोरिया)। जनपद पंचायत बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत जामपानी में सरगुजा विकास प्राधिकरण योजना के तहत 3 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रहा सेड निर्माण कार्य एक बार फिर विवादों में घिर गया है। एक माह पूर्व अनियमितताओं की खबर प्रकाशित होने के बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत जामपानी है, लेकिन कार्य बाहरी ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है, जो सत्ता से जुड़े रसूखदारों का करीबी बताया जा रहा है। आरोप है कि इसी कारण संबंधित विभाग के इंजीनियर भी मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचते, जिससे ठेकेदार मनमानी कर रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में ढलाई की गई बीम में से सरिया (रॉड) बाहर निकल आया है, जो निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करता है। इस खामी को छिपाने के लिए ठेकेदार द्वारा जल्दबाजी में प्लास्टर किया जा रहा है। इसके अलावा निर्माण में पानी तराई (क्योरिंग) का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा, जिससे सेड की मजबूती पर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित विभाग के इंजीनियर कभी भी निर्माण स्थल पर नहीं आते, जिसके चलते घटिया निर्माण कार्य हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया, तो वे जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराएंगे।


0 टिप्पणियाँ