धान खरीदी में गड़बड़ी का खेल, अंतिम चरण में “मैनेजमेंट” का खेल


विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस 

कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में धान खरीदी केंद्रों पर अब उठाव अंतिम चरण में पहुंच चुका है, लेकिन इसी के साथ गड़बड़ियों के मामले भी सामने आने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, धान खरीदी प्रभारियों द्वारा खरीदी के दौरान किए गए कथित “अर्जस्टमेंट” के खेल को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, बैकुंठपुर स्थित लगभग सभी समितियों में धान की भारी कमी पाई जा रही है। कई समितियों में 9 हजार बोरी से अधिक धान की कमी बताई जा रही है, जबकि मौके पर मुश्किल से 1 हजार बोरी धान ही मौजूद है।

इस कमी को पूरा करने के लिए खरीदी प्रभारियों द्वारा बाजार से कम कीमत पर धान खरीदकर उसे समिति के धान फड़ में जमा करने का काम जोरों पर चल रहा है। बताया जा रहा है कि यह कार्य मुख्य रूप से रात के समय वाहनों के जरिए किया जा रहा है, ताकि किसी की नजर न पड़े।

ऐसे में प्रशासन द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि पहले ही सही जांच होती, तो इतनी बड़ी मात्रा में धान की कमी सामने नहीं आती।

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि खरीदी के दौरान किए गए अनियमित “अर्जस्टमेंट” के कारण ही यह स्थिति बनी है, जिसे अब बाजार से धान खरीदकर संतुलित करने की कोशिश की जा रही है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच करता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ