सरगुजा रेंज पुलिस ने अंबिकापुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई एक युवती की हत्या के मामले में अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज द्वारा जारी आधिकारिक घोषणा में यह जानकारी दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 2 से 3 अप्रैल 2026 के बीच अंबिकापुर के सद्भावना चौक रिंग रोड स्थित डीटीएस प्रेस के पास एक नाले में युवती का शव मिला था। मृतका के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए थे तथा घटनास्थल पर खून फैला हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला सामने आया।
इस संबंध में थाना कोतवाली अंबिकापुर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 217/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 103(1) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
जांच के दौरान संदिग्ध आरोपी का हुलिया सामने आया है। आरोपी सांवले रंग का, लगभग 5 फीट 4 इंच लंबा, घुंघराले बाल, काली दाढ़ी-मूंछ वाला बताया गया है। घटना के समय उसने हल्के गुलाबी रंग की शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी, गमछा बांधा हुआ था तथा पीठ पर एक झोला लटका हुआ था।
पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसी के मद्देनजर पुलिस महानिरीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने या महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले व्यक्ति को 30,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी हो तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या जारी संपर्क नंबरों पर सूचना दें।
संपर्क नंबर:
पुलिस अधीक्षक सरगुजा – 94791-93501
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक – 94791-93502
नगर पुलिस अधीक्षक – 94791-93503
एसडीओपी अंबिकापुर – 94791-93505
पुलिस कंट्रोल रूम – 94791-93599
थाना प्रभारी कोतवाली – 94791-93508

0 टिप्पणियाँ