सोशल मीडिया में एक वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक इन दिनों हलचल तेज हो गई है। सूरजपुर के कुमेली क्षेत्र से सामने आए इस वीडियो में कुछ लोग कथित रूप से जुआ खेलते दिखाई दिए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए सूरजपुर जिला पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी (टीआई) और एक आरक्षक को निलंबित कर दिया।
इस घटनाक्रम ने नया मोड़ तब ले लिया, जब उसी वीडियो में नजर आ रहा एक व्यक्ति अगले ही दिन भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारियों को उक्त व्यक्ति की वीडियो में मौजूदगी की जानकारी थी। बावजूद इसके, उसे संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंपे जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर इस फैसले को लेकर चर्चा तेज है। एक ओर पुलिस विभाग ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक संगठन द्वारा उसी मामले से जुड़े व्यक्ति को पद देने को लेकर विरोध के स्वर उठ रहे हैं।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक भाजपा संगठन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन यह विवाद संगठन की पारदर्शिता, निर्णय प्रक्रिया और जवाबदेही पर प्रश्नचिन्ह जरूर लगा रहा है।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है और क्या इस नियुक्ति पर पुनर्विचार किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ