दूरस्थ वन क्षेत्र सोनहत और रामगढ़ जल जीवन मिशन में अनियमितता का आरोप, अधूरे कार्यों से ग्रामीण परेशान

विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 
 

कोरिया। केंद्र सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल जल जीवन मिशन योजना को लेकर कोरिया जिले में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से योजना के कार्यों का गलत मूल्यांकन कर बड़ी राशि का आहरण कर लिया गया, जबकि अधिकांश कार्य आज भी अधूरे पड़े हैं। इसका खामियाजा अब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।मिली जानकारी के अनुसार जिले के वनांचल क्षेत्रों, विशेषकर सोनहत और रामगढ़ के दूरस्थ ग्रामों में जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी निर्माण कार्य शुरू तो किए गए, लेकिन कई स्थानों पर केवल गड्ढे खोदकर ही कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। आरोप है कि कई जगहों पर सिर्फ प्रारंभिक कार्य दिखाकर 50 से 70 प्रतिशत तक की राशि निकाल ली गई।

ग्रामीणों का कहना है कि जब टंकी निर्माण पूरा कराने के लिए ठेकेदारों से संपर्क किया जाता है, तो उनके द्वारा राशि समाप्त होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। वहीं इस मामले में संबंधित विभाग द्वारा भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है और टालमटोल रवैया अपनाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक जिले में लगभग 80 से 85 प्रतिशत स्थानों पर टंकी निर्माण के लिए गड्ढे खोदने का कार्य ही प्रारंभिक प्रगति के रूप में दर्शाया गया है। इसके आधार पर भारी राशि आहरित किए जाने के बाद अब विभाग अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने का दबाव बना रहा है, जबकि कई ठेकेदार संबंधित निर्माण कार्यों से दूरी बना चुके हैं।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कर ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ