प्रशासन के दावों के बाद भी कोरिया जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत, उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी

 




विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

कोरिया जिले में जिला प्रशासन के लाख दावों के बावजूद पेट्रोलियम पदार्थों की कमी की स्थिति लगातार देखने को मिल रही है। खासकर जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता प्रभावित हो गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, शहर के कई पेट्रोल पंपों में डीजल पूरी तरह समाप्त हो चुका है, वहीं कुछ पंपों पर पिछले एक दिन से पेट्रोल उपलब्ध नहीं है। जिन पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल उपलब्ध है, वहां भी दोपहिया वाहन चालकों को मात्र 100 रुपये तक का ही पेट्रोल दिया जा रहा है।

वहीं, कुछ पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार प्रीमियम पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है। हालांकि सामान्य पेट्रोल और प्रीमियम पेट्रोल के बीच लगभग 10 रुपये प्रति लीटर का अंतर होने के कारण उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है।

वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में कोरिया जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की कमी और गंभीर रूप ले सकती है। यदि समय रहते आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आम लोगों के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ