विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
बैकुंठपुर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शनिवार को जिला अस्पताल परिसर में प्रस्तावित शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय का भूमिपूजन तथा अत्याधुनिक अटल आरोग्य लैब का लोकार्पण किया। इस दौरान जिला अस्पताल में नव निर्मित दवा वितरण कक्ष का भी उद्घाटन किया गया।
मंत्री ने कहा कि नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से स्थानीय युवाओं को नर्सिंग शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि अटल आरोग्य लैब में 136 प्रकार की जांचें निशुल्क उपलब्ध होंगी तथा एक बार में 110 नमूनों की जांच की जा सकेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जिला अस्पताल भवन के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने 23.59 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की है। उन्होंने घोषणा की कि नए जिला अस्पताल भवन का लोकार्पण 31 मई 2027 को किया जाएगा।
कार्यक्रम में मंत्री ने सकरिया और मुरमा में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आधुनिक तकनीक के उपयोग और पारदर्शी व्यवस्था के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्थानीय लोगों ने नर्सिंग कॉलेज, अटल आरोग्य लैब और नई स्वास्थ्य सुविधाओं को जिले के लिए बड़ी सौगात बताया।



0 टिप्पणियाँ