विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस
कोरिया पुलिस ने सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की घटना का मात्र आधे घंटे में खुलासा करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गए लगभग 62 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को बैकुण्ठपुर के सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में ग्राहक बनकर पहुंची दो महिलाओं ने दुकानदार को झांसा देकर करीब 62 हजार रुपये मूल्य के सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। थाना बैकुण्ठपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान दोनों महिला आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सभी सोने एवं चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुशबू सोनवानी (19 वर्ष) एवं सुनीता सोनवानी (35 वर्ष) निवासी केनापारा, जिला कोरिया के रूप में हुई है।
मामले में थाना बैकुण्ठपुर में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत धारा 305(अ) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है। कोरिया पुलिस ने घटना का तेजी से खुलासा कर पेशेवर कार्यशैली और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया है

0 टिप्पणियाँ