बैकुंठपुर। कोरिया जिले में गर्भवती महिला से कथित दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने के प्रयास के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार थे और करीब 14 दिनों बाद उन्हें सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 5 जुलाई और 10 जुलाई को सिटी कोतवाली बैकुंठपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोग जबरन उसके ससुराल पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि वह गर्भवती है तथा आरोपियों ने गर्भपात कराने की नीयत से उसे जबरन गर्भपात की दवा खिलाने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी रमेश टेकाम और दरोगा सिंह के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर बैकुंठपुर लाया, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पीड़िता के पति का कहना है कि कोर्ट मैरिज के बाद दोनों साथ रह रहे थे। इसी दौरान आरोपी जबरन उनके घर पहुंचे और महिला को अपने साथ ले गए, जहां उसके साथ गंभीर अपराध किया गया।
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।कोरिया पुलिस अधीक्षक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना की गई और फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

0 टिप्पणियाँ