बैकुंठपुर, 16 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया द्वारा गुरुवार को राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में श्रीराम मंदिर, अयोध्या से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के मामले को लेकर पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी एवं जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने कहा कि देशभर के लोगों ने भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए अपनी श्रद्धा और मेहनत की कमाई से सहयोग दिया था। ऐसे में सामने आए कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
प्रदीप गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब चाहती है कि ट्रस्ट के गठन, शीर्ष नियुक्तियों एवं प्रशासनिक निगरानी में केंद्र सरकार की क्या भूमिका रही तथा गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आरोपों में सच्चाई है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में कराई जाए। साथ ही राम मंदिर के लिए प्राप्त चंदे, चढ़ावे, भूमि खरीद, आयोजनों और खर्च का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। पार्टी ने यह भी कहा कि यदि जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनके नाम पर जुटाए गए धन के उपयोग में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी धर्म के विरुद्ध नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा और पारदर्शी व्यवस्था के पक्ष में खड़ी है।

0 टिप्पणियाँ