विशाल सिंह / कोरिया एक्सप्रेस
बैकुंठपुर। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर 15 जुलाई को जवाहर नवोदय विद्यालय, बैकुंठपुर में एनसीसी कैडेट्स के लिए जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कैडेट्स को बदलते समय के अनुरूप नए कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी श्री उमेश चन्द्र ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सफलता के लिए निरंतर नई स्किल सीखना और स्वयं को अपडेट रखना आवश्यक है। उन्होंने सभी कैडेट्स से आज से ही नए कौशल सीखने की दिशा में प्रयास शुरू करने का आह्वान किया।
विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने भी विभिन्न प्रकार के कौशल, उनके महत्व तथा भविष्य में उनके उपयोग पर जानकारी साझा की। इस अवसर पर कैडेट आल्या अग्रवाल ने भी विश्व युवा कौशल दिवस की महत्ता पर अपना विचार व्यक्त किया।विद्यालय के प्राचार्य श्री सी.एल. कच्छवाहा ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नई-नई स्किल सीखने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनसीसी अधिकारी श्री उमेश चन्द्र, श्री संजीव कुमार सिंह, श्री मुकेश तिवारी, श्री आशुतोष दुबे, श्री अभय एवं विद्यालय के अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी एनसीसी कैडेट्स ने नई स्किल सीखने और स्वयं को निरंतर विकसित करने का संकल्प लिया

0 टिप्पणियाँ