जिला अस्पताल में स्टाफ नर्सों के लिए व्यवहार एवं संवाद कौशल प्रशिक्षण शुरू

 


बैकुंठपुर। जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सम्मानजनक और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टाफ नर्सों के लिए "व्यवहार, प्रभावी संवाद कौशल एवं तनाव प्रबंधन" विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता (मेंटल हेल्थ काउंसलर) द्वारा दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार, प्रभावी संवाद, कठिन परिस्थितियों में धैर्य और संयम बनाए रखने, कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण विकसित करने, टीम भावना तथा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि बेहतर व्यवहार और संवाद कौशल मरीजों का विश्वास बढ़ाने के साथ उपचार की गुणवत्ता और संतुष्टि में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रशिक्षण छोटे-छोटे समूहों में आयोजित किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक स्टाफ नर्स की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो सके तथा व्यवहारिक विषयों पर प्रभावी अभ्यास कराया जा सके। जिला चिकित्सालय प्रशासन के अनुसार आगामी दिनों में सभी स्टाफ नर्सों को चरणबद्ध तरीके से इस प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा।

सिविल सर्जन ने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार का अधिकारी है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य कर्मियों के लिए नियमित व्यवहार एवं संवाद कौशल प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे अस्पताल की सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की संतुष्टि में निरंतर सुधार हो सके।

जिला चिकित्सालय प्रशासन ने सभी स्टाफ नर्सों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान एवं सुझावों को दैनिक कार्य में अपनाते हुए मरीज-केंद्रित और मानवीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ