बैकुंठपुर के छात्र सूर्यांश पाण्डेय ने बढ़ाया जिले का मान, इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड में हासिल की प्रथम रैंक

 शिक्षा के क्षेत्र में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए शकुंतला कॉलोनी, बैकुंठपुर निवासी तथा सेंट जोसेफ स्कूल के कक्षा 10वीं के छात्र सूर्यांश पाण्डेय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में सूर्यांश ने शिक्षा और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई उल्लेखनीय उपलब्धियां अपने नाम की हैं।

सिल्वरज़ोन ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित अखिल भारतीय हिंदी ओलंपियाड में सूर्यांश ने 100 में से 100 अंक प्राप्त कर इंटरनेशनल रैंक-1 हासिल की। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिसमें सूर्यांश का शीर्ष स्थान प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

यहीं नहीं, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं बोर्ड परीक्षा में भी सूर्यांश ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी इस सफलता ने विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

सूर्यांश केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने विज्ञान, अंग्रेजी और सामाजिक अध्ययन सहित विभिन्न विषयों की ओलंपियाड परीक्षाओं में इस वर्ष कुल 8 पदक अपने नाम किए हैं। इसके अलावा संगीत के क्षेत्र में भी उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा है। पढ़ाई के साथ-साथ संगीत में उनकी रुचि और उत्कृष्ट प्रदर्शन उनकी बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाता है।

छात्र की इस उपलब्धि पर सेंट जोसेफ स्कूल प्रबंधन एवं शिक्षकों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि सूर्यांश की सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है तथा वे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

अपनी इस सफलता का श्रेय सूर्यांश पाण्डेय ने अपनी माता श्रीमती प्रियंका पाण्डेय, पिता श्री अमरेश पाण्डेय, विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अपने सतत परिश्रम और नियमित अभ्यास को दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ