गौरव पथ से सीएमएचओ कार्यालय तक जर्जर सड़क, हादसे को दे रही दावत

 

विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस 

 कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में जिला अस्पताल के आगे नगर पालिका परिषद के एकमात्र गौरव पथ से लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय तक जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। सड़क के बीचों-बीच जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जर्जर सड़क पर बने गड्ढे लगातार दुर्घटना की आशंका बढ़ा रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा साबित हो सकता है। रात के समय सड़क पर बने गड्ढे और अधिक खतरनाक हो जाते हैं, क्योंकि कई स्थानों पर इन्हें दूर से पहचान पाना मुश्किल होता है।

गौरतलब है कि यह सड़क जिला मुख्यालय के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर जिम्मेदार विभाग द्वारा आवश्यक सुधार कार्य नहीं कराया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो यह किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। लोगों ने संबंधित विभाग और नगर पालिका प्रशासन से सड़क का निरीक्षण कर जल्द से जल्द गड्ढों की मरम्मत एवं सड़क के सुधार की मांग की है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ