जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने प्रदेश सरकार द्वारा बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी एवं स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। शनिवार को राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने सरकार से बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेने, स्मार्ट मीटर हटाने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू करने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने लगातार पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि कर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बंद किए जाने, बिजली दरों में लगातार वृद्धि तथा स्मार्ट मीटर लगाए जाने से उपभोक्ताओं के बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से मनमानी रीडिंग, उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार (लोड) में वृद्धि तथा आर्थिक शोषण किया जा रहा है। इसके विरोध में कांग्रेस 2 अगस्त से दो माह तक घर-घर अभियान चलाएगी। इस दौरान कार्यकर्ता स्मार्ट मीटर हटाने एवं बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेने के समर्थन में आम नागरिकों से आवेदन एवं विरोध पत्र भरवाएंगे।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अभियान के बाद जिला मुख्यालयों में विद्युत विभाग के कार्यालयों का घेराव कर एकत्रित आवेदन सौंपे जाएंगे। यदि इसके बाद भी सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कांग्रेस ने राज्य सरकार से बिजली दरों में की गई वृद्धि तत्काल वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू करने तथा स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाकर पहले से लगाए गए स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की

0 टिप्पणियाँ