बैकुंठपुर  शहर के प्रसिद्ध प्रेमाबाग मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकार से जुड़ी पहल देखने को मिली। मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात बैकुंठपुर शहर के लिए दूसरी रोटी रिक्शा बैंक का शुभारंभ किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।

ज्ञात हो कि बैकुंठपुर शहर में लावारिस एवं बेसहारा गौवंशों के लिए लगभग 10 वर्षों से रोटी रिक्शा बैंक का संचालन किया जा रहा है। इसके माध्यम से घर-घर जाकर लोगों से बची हुई रोटियां एकत्रित की जाती हैं और राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी के कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें गौवंशों को खिलाया जाता है।

रोटी एकत्रित करने वाले पुराने रिक्शे के कभी-कभी खराब हो जाने से इस सेवा कार्य को नियमित रूप से संचालित करने में परेशानी आ रही थी। इसी समस्या को देखते हुए बैकुंठपुर नगर पालिका अध्यक्ष नमिता शिवहरे तथा वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद राहुल गुप्ता एवं वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद लवी गुप्ता ने अपनी निधि से एक नए रिक्शे की व्यवस्था कर उसे रोटी रिक्शा बैंक के संचालन के लिए प्रदान किया। नए वाहन के उपलब्ध होने से अब घर-घर से रोटी संग्रहण का कार्य अधिक सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी के जिला अध्यक्ष अनुराग दुबे ने रोटी रिक्शा बैंक के लिए वाहन उपलब्ध कराने पर नगर पालिका अध्यक्ष नमिता शिवहरे, पार्षद राहुल गुप्ता एवं पार्षद लवी गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास गौसेवा के साथ-साथ समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में देवरहा बाबा सेवा समिति प्रेमाबाग के अध्यक्ष शैलेश शिवहरे, पंडित अनिल महाराज, भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, सीए प्रशांत गुप्ता, आशीष शुक्ला, अरविंद सिंह, अनिल खटीक, घनश्याम साहू, सुरेंद्र सिंह छोटू, अमित गुप्ता अप्पू, पार्षद अंकित गुप्ता, सुभाष साहू, भानु पाल, अभिनेन्द्र सिंह चंदेल, सौरभ सिंह, बबलू महाजन, डब्लू यादव, मोनू, मोनी जिज्ञासी, बबलू सिंह एवं गप्पू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ