विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस
बैकुंठपुर। आगामी दिसंबर माह में संभावित बैकुंठपुर एवं शिवपुर-चरचा नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अभी से तेज होती नजर आ रही हैं। खासकर बैकुंठपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर सोशल मीडिया पर संभावित दावेदारों के नाम और तस्वीरें लगातार सामने आ रही हैं। स्थिति यह है कि प्रतिदिन नए चेहरे खुद को अध्यक्ष पद का प्रबल दावेदार बताते हुए सोशल मीडिया पर सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।
अध्यक्ष पद की दौड़ में जहां लंबे समय से राजनीति से जुड़े पुराने कार्यकर्ता अपनी दावेदारी जता रहे हैं, वहीं दो-तीन बार वार्ड पार्षद रह चुके जनप्रतिनिधियों के नाम भी चर्चा में हैं। इसके अलावा कई नए चेहरे भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाते हुए अध्यक्ष पद के लिए संभावित दावेदार के रूप में सामने आ रहे हैं।
नगर निकाय चुनाव में अभी लगभग चार माह का समय शेष माना जा रहा है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों से अध्यक्ष पद के लिए कई नामों की चर्चा शुरू हो चुकी है। हालांकि आधिकारिक तौर पर किसी भी दल ने अब तक प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है। इसके बावजूद दावेदारों की बढ़ती संख्या ने स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो अध्यक्ष पद के लिए संभावित दावेदारों की इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के लिए प्रत्याशी चयन आसान नहीं होगा। पार्टी नेतृत्व को संगठन, स्थानीय जनाधार, वार्ड स्तर पर पकड़, चुनावी समीकरण और कार्यकर्ताओं की पसंद सहित कई पहलुओं को ध्यान में रखकर नाम तय करना पड़ सकता है।
वहीं, टिकट की दौड़ में शामिल दावेदारों की संख्या बढ़ने के साथ चुनावी समीकरण भी दिलचस्प होने की संभावना है। टिकट नहीं मिलने की स्थिति में कुछ दावेदारों के निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने चुनौती खड़ी हो सकती है। इससे भीतरघात की आशंका भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
हालांकि चुनाव में अभी समय बाकी है और आने वाले दिनों में राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव संभव है। ऐसे में अध्यक्ष पद की वास्तविक तस्वीर टिकट वितरण के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल सोशल मीडिया पर चल रही दावेदारियों ने बैकुंठपुर की स्थानीय राजनीति में चुनावी माहौल जरूर तैयार कर दिया है।

0 टिप्पणियाँ