बिलासपुर में चैंबर ऑफ कॉमर्स की प्रांतीय बैठक, व्यापारिक समस्याओं और विकास पर हुआ मंथन



कोरिया जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता सहित प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र शर्मा और संरक्षक नसीम असदक हुए शामिल
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बिलासपुर स्थित होटल ग्रांड लोटस में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे व्यापारिक प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने व्यापार एवं उद्योग के विकास, व्यापारियों की समस्याओं तथा उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की।
प्रदेश कार्यकारिणी की इस बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रमुख व्यापारी एवं चैंबर पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में व्यापारिक हितों का संरक्षण, व्यापार एवं उद्योग के व्यवस्थित विस्तार तथा स्थानीय स्तर पर व्यापारियों को होने वाली व्यावहारिक एवं प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना रहा।
बैठक के विभिन्न सत्रों में कोरिया जिले का प्रतिनिधित्व जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता, प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र शर्मा एवं संरक्षक नसीम असदक ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता ने कोरिया जिले के छोटे, मध्यम एवं बड़े व्यापारियों को रोजमर्रा के व्यापार में आ रही समस्याओं के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर सामने आने वाली परेशानियों को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखा।
उन्होंने जिले में व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के लिए आवश्यक अधोसंरचना के विकास पर विशेष जोर दिया। साथ ही व्यापारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रदेश स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने और उनके निराकरण की दिशा में पहल करने की बात कही।
बैठक में उपस्थित प्रदेश पदाधिकारियों एवं विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने व्यापारियों के हित में आपसी समन्वय मजबूत करने तथा समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। बैठक को प्रदेश में व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ