बैकुण्ठपुर। जिला अस्पताल बैकुण्ठपुर में गुरुवार को कायाकल्प अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय मूल्यांकन टीम ने अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया। टीम के आगमन पर अस्पताल प्रबंधन एवं स्टाफ द्वारा स्वागत किया गया।
निरीक्षण की शुरुआत अस्पताल की कार्यप्रणाली एवं कायाकल्प अभियान के तहत की गई तैयारियों के प्रस्तुतीकरण से हुई। इसके बाद टीम ने अस्पताल के विभिन्न विभागों, वार्डों एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की स्वच्छता एवं सैनिटेशन, संक्रमण नियंत्रण, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, मरीजों को उपलब्ध सुविधाएं, दवा एवं उपकरणों का रखरखाव, अग्नि सुरक्षा, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सहित रिकॉर्ड संधारण और गुणवत्ता मानकों के अनुपालन का अवलोकन किया गया।
टीम ने अस्पताल परिसर के सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्र एवं पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन द्वारा मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी टीम को दी गई।
कायाकल्प राज्य स्तरीय मूल्यांकन टीम में डॉ. टी.के. टोंडर, डॉ. नेतराम बेक, आनंद साहू, महेश सिंह, आसिम एक्का एवं डॉ. उरया नाग शामिल रहे।इस अवसर पर CMHO डॉ. प्रशांत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल, RMO डॉ. कार्तिकेय सिंह, BMO डॉ. अनित बक्सला सहित विभिन्न वार्ड प्रभारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयास से राज्य स्तरीय कायाकल्प मूल्यांकन कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।


0 टिप्पणियाँ