“सवाल 10 हजार का” प्रतियोगिता के फाइनल हेतु छह प्रतिभागी चयनित, 1 फरवरी को होगा भव्य मुकाबला

 

श्री राधे सोशल वेलफेयर सोसाइटी एवं वी क्लब बैकुंठपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित, “कौन बनेगा करोड़पति” की तर्ज पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता “सवाल 10 हजार का” के अंतिम ऑडिशन का आयोजन श्री राधे सदन, महलपारा रोड, अग्रवाल सिटी, बैकुंठपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रतियोगिता के द्वितीय चरण में चयनित 19 प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद 06 प्रतिभागियों को फाइनल राउंड के लिए चुना गया। फाइनल में पहुँचने वाले प्रतिभागियों में सुरभि साहू, रवि शंकर महंत, अनंत गुप्ता, अनुराग साहू, श्रद्धा यादव एवं आदर्श सारथी शामिल हैं। सभी चयनित प्रतिभागियों ने सामान्य ज्ञान, करेंट अफेयर्स एवं तार्किक क्षमता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी बौद्धिक प्रतिभा का प्रभावी परिचय दिया।


कार्यक्रम के आयोजनकर्ता अभय बडेरिया ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में सामान्य ज्ञान, समसामयिक विषयों तथा बौद्धिक विकास के प्रति रुचि उत्पन्न करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, मंच संचालन की क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास होता है।

प्रतियोगिता का भव्य फाइनल मुकाबला 1 फरवरी 2026, रविवार को जिला पंचायत भवन ऑडिटोरियम, बैकुंठपुर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर ज्ञान के साथ-साथ मनोरंजन का भी विशेष समावेश रहेगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, नृत्य, गीत एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे यह आयोजन एक पारिवारिक एवं शैक्षणिक उत्सव का स्वरूप लेगा।

आज के कार्यक्रम में बैकुंठपुर के प्रसिद्ध योग गुरु अनिल शर्मा ने बच्चों को योग, ध्यान एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर श्री राधे सोशल वेलफेयर सोसाइटी बैकुंठपुर के कोषाध्यक्ष अभय बड़ेरिया, सचिव विजय सिंह ठाकुर, नासिर खान, अनुज बडेरिया, नंदन बडेरिया, डॉ. गुप्ता, घनश्याम साहू, प्रभुनाथ सिंह सहित वी क्लब बैकुंठपुर की अध्यक्ष बलजीत  कौर, मधु गुप्ता, सीमा पांडे, सुमित्रा गुप्ता, किरण बर्वे, अनीता मिश्रा तथा अनेक गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दी गईं एवं सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।


विशाल सिंह/ कोरिया एक्सप्रेस

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ