चर्च निर्माण का विरोध कर रहे ग्राम वासी , घर के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र और बना रहे चर्च

 

कोरिया जिले के बैकुंठपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत नरकेली के कहरापारा में चर्च निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। चर्च निर्माण की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विरोध में उतर आए। स्थिति को देखते हुए मौके पर तहसीलदार सहित पुलिस के अधिकारी कर्मचारी पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया गया।

इस मामले में सरपंच पति का कहना है कि सरपंच द्वारा संबंधित व्यक्ति को घर निर्माण के लिए अनापत्ति दी गई थी, लेकिन उसी आड़ में चर्च का निर्माण कराया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है। ग्राम पंचायत का स्पष्ट कहना है कि पंचायत स्तर पर चर्च निर्माण की कोई अनुमति नहीं दी गई है और ग्रामीण इसका विरोध कर रहे हैं।

वहीं चर्च निर्माण में लगे लोगों का कहना है कि वे पहले अपने घर में प्रार्थना किया करते थे, बाद में उन्हें चर्च बनाकर प्रार्थना करने की सलाह दी गई, जिसके बाद निर्माण शुरू किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस तरह के निर्माण के माध्यम से आगे चलकर धर्म परिवर्तन कराया जाता है। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अब सोमवार को दोनों पक्ष को कागजात लेकर तहसील बुलाया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ