बैकुण्ठपुर। कुमार गार्डन में जिला जनर्लिस्ट प्रेस क्लब के तत्वावधान में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर की गई, जिसके पश्चात उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर जिला जनर्लिस्ट प्रेस क्लब के संस्थापक चंद्रकांत पारगीर ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर राष्ट्रीय त्योहार में क्लब के सभी सदस्यों को बारी बारी से ध्वजारोहण का मौका मिलना चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष महेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। पत्रकार समाज और शासन के बीच सेतु होते हैं, इसलिए सत्य और जनहित को सर्वोपरि रखना उनकी जिम्मेदारी है। वहीं जिला महासचिव दीपक सिंह चौहान ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए पत्रकारों की एकजुटता को समय की आवश्यकता बताया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार फारुक ढेबर, प्रशांत मिश्रा, सह सचिव कमलेश एक्का, उपाध्यक्ष निलेश तिवारी, राजु शर्मा, राजू खान, विशाल सिंह, ऋतिक शिवहरे, आयुष नामदेव, ऋषि सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में पत्रकारों की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ किया गया।


0 टिप्पणियाँ